Pages

Thursday, July 21, 2011

जब पहली बार मिले थे हम

थर -थर काँपती 
लिपियों के बीच  
मिले थे हम, 
तुमने मुझे 
मेरे नाम से पुकारा था 
बिल्कुल धीमे 
लगभग फुसफुसाकर 
और उन्ही दुबली लिपियों से 
रचा था हमने महाकाव्य ,
भाषा के मौन घर में 
छुप गए थे हम 
डरे हुये परिंदों की तरह 
चहचहाना भूलकर 
बस देखना ही शेष था,
अगल बगल बैठे थे 
पर दूर कहीं खोये थे 
एक दूसरे के सपनों में ,
सपनों के भीतर 
आत्मा की आँच थी                        
ताप रहे थे जिसे 
दोनों हथेलियाँ फैलाए 
समय की बीहड़ उड़ानों में ,
मेरी त्वचा पर 
खुदा था तुम्हारा नाम 
जिसे पहचान गए थे तुम 
उस एक ही अक्षर में...  
जन्मों के गीत रचे थे 
एकांत के  रंगों में 
जिसे हम गा रहे थे 
चुप्पियों के बीच, 
सरगम की यात्रा 
धुनों की बारिश में 
भीग गए थे हम 
बाँसुरी के स्वरों में, 
ठीक उसी वक्त 
क्रोंच-बध हुआ था 
लहूलुहान हुई थी धरती 
और टूटती साँसों के बीच 
जन्मे थे बुद्ध ...। 

Sunday, May 15, 2011

बन्द लिफाफा


मेरे मौन की अज्ञात लिपि में 
पिरो दिये हैं तुमने 
कुछ भीगे अक्षर 
बोलो ! मैं इनका क्या करूँ 
जबकि ;मैं घर पर नहीं थी 
और डाकिया डाल गया
एक बन्द लिफाफा 
जिसके भीतर 
एक नदी है 
असंख्य आवेगों से भरी 
उसकी बूँदों के वर्ण 
लिख रहे हैं 
कथा समंदर की 
उसकी लहरें 
समेटें हैं अपने आँचल में 
झिलमिल चाँदनी 
और चाँद की महक ,
अब तो इतना समय भी नहीं 
कि वापस भेज दूँ नदी को 
जहाँ से वो आई है 
या कह दूँ कि 
चलो चुपचाप बहती रहो 
भीगने मत देना एक तिनका भी 
ऐसा हो सकता है भला ?
कि नदी बहती रहे 
और धरती गीली न हो ! 

Saturday, April 23, 2011

नदी के आईने में


प्रेम करती हूँ तुम्हे
प्रेम करती हूँ तुम्हे ...!
सघन पेड़ों के बीच जैसे
हवा सुलझाती है अपने को,
चमकता है चाँद 
फास्फोरस की तरह
नदी के घुमक्कड़ पानियों पर,
पीछा करते एक दूजे का
तुम्हारी याद ;और चाँद
खूब छप-छप करते हैं
नदी की देह में,
एक चमकीली समुद्री चिडिया सी
मैं उठ जाती हूँ कभी-कभी 
भोर ही में
भीगी होती है मेरी आत्मा
सबसे बड़ा तारा मुझे
तुम्हारी नज़र से देखता है
और जैसे मैं तुम्हे प्यार करती हूँ
अपनी बांहों को शून्य में लपेटकर
हवाओं में भर जाता है संगीत,
देवदार गाना चाहते हैं तुम्हारा नाम
अपने पत्तों के नर्तन से
तुम्हे संदेश भेजते हुए,
नदी के आईने में
देवदार झूमते है
और झिलमिल जल में
तैरता है तुम्हारा चेहरा ...!

Tuesday, April 5, 2011

एक दिन अचानक

जब पहली बार मिले थे हम  
थर-थर कांपती 
लिपियों के बीच मिले थे 
तुमने मुझे 
मेरे नाम से पुकारा था 
बहुत धीमे 
लगभग फुसफुसा कर,
और उन्ही दुबली लिपियों से 
रचा था हमने महाकाव्य ,
भाषा के मौन घर में 
छुप गये थे हम 
डरे हुए परिंदों की तरह, 
फिर एक दिन अचानक 
सुबह सुबह 
कलरव शुरू हुआ 
अपने आप
और आसमान भर गया 
अनगिन इन्द्रधनुषों से . 

Friday, March 4, 2011

नदी और वसंत

नदी के भीतर 
खुशी का  गाँव बस जाता है 
जब वसंत में बहती है वो ,
बेसुध हवा भटकती है 
बंजारन गंध लिए 
नदी में घुलती है जब 
वो मधुमय गंध 
नदी भी समूची 
बंजारन हो जाती है ,
फूलों को देखने के बाद भी 
बचा रहता है 
बहुत कुछ देखने जैसा 
अनकहा ;अकथ अभिप्राय 
उनमन नदी नहाती है 
सौंदर्य के वे अनगिन पल 
और उस अकथ की 
सारी अंतर्कथा, 
सभ्यता की चौखटों से दूर 
तितलियाँ अलमस्त उड़ती हैं 
यहाँ से वहाँ पराग लिए 
अपनी स्निग्ध लहरों में 
धुन बांध बहती है नदी 
सरगम नदी ! 

Tuesday, January 25, 2011

आवाज़ की बूँद...

स्वर्गीय पंडित भीमसेन जोशी जी के अद्भुत सुरों को समर्पित अपनी एक कविता ....


खुशी के आदिम उद्घोष सी
गूँजती है तुम्हारी आवाज़
मेघ बनकर फूँकती है
मन मे मल्हार
बूँदों सी झरती है देह पर
नेह ही नेह ,
रक्तकोशिकाओं के पाँवों में
बंध जाते हैं रुनझुन घुंघरू
अनगिन छंदों में गूँथकर आह्लाद
हवाएँ कर देती हैं अभिषेक
और वापस लौट आती है
हंसी , साँसों की ,
चुप्पियाँ चुपचाप चुन लेती हैं
खण्डहरों के खोह
स्वप्न जगते हैं...कि पलकें ढाँप लेते हैं
तुम्हारी आवाज़ की बरखा
खींच लाती हैं गगन से रश्मियाँ
खिली गीली गुनगुनी सी धूप
जिसे ओढ़ती हूँ मै
ज्ञात नहीं सदियों सदियों से
सुर तुम्हारे जी रहे मुझको
कि मै ही ले रही हूँ जन्म फिर फिर ...!   

Saturday, December 25, 2010

रात में छूट गया हारमोनियम

मेरे प्रिय रचनाकार की मेरी प्रिय कविता ----


मै हारमोनियम रात के भीतर बजा रहा था 
गाना जो था वह अँधेरे में इतनी दूर तक जाता था 
कि मै देख नहीं पाता था ,
फिर एक पतली-सी दरार मुझे दिखी 
मै उसमें घुस गया 
और अँधेरे की दो परतों के बीच नींद में डूबे पानी जैसा 
दूर तक दौड़ने लगा ,
वहाँ बीस साल से एक लड़की थी , जो बिना कभी दिखे 
सोती जा रही थी 
वह जागी तो नहीं लेकिन नींद में ही हँसी ,
अँधेरे में गाना था और पानी जैसा जो बह रहा 
वह मैं था ,
फिर तो मैं भी हँसने लगा रात में ही 
अँधेरे में छुपा हुआ ,
एक मोटा अधेड़ उम्र का आदमी 
साईंबाबा की फोटो के नीचे पिस्ता खा रहा था 
उसने बंदूक से मुझे डराया 
यों आँखें फाड़कर और मुँह को यूँ -यूँ करके ,
वह तो बाप निकला लड़की का ,जो गुस्से में था 
और सो भी नहीं रहा था बीस साल से 
लड़की के सपनों की पहरेदारी में 
मै क्या करता ? धप्प से कूदकर बाहर निकल आया 
और उजाले में डरावने आदमी से नमस्ते करने लगा ,
लेकिन मेरा हारमोनियम तो 
रात में ही रह गया था ,बहुत पीछे 
और वह बज रहा था 
और लड़की हँसे क्यों जा रही थी 
यह कहना मुश्किल था ।  

LinkWithin

Related Posts with Thumbnails